मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज मुंगेली नगर पालिका में संचालित विभिन्न निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों का सघन निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, नए नगरपालिका भवन हेतु चिन्हांकित स्थल, मुंगेली प्रवेश द्वार, गौरव पथ एवं नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल के ड्राइंग-डिजाइन एवं इस्टीमेट का अवलोकन कर तकनीकी जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि छत्तीसगढ़ के अन्य उत्कृष्ट स्विमिंग पूलों का अध्ययन कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन स्वरूप में निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
गौरव पथ के कार्य में धीमी प्रगति एवं कार्य रुकने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने नालंदा परिसर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर इसकी प्रगति एवं संभावित पूर्णता अवधि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर के पूर्ण होने से जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु उत्कृष्ट वातावरण मिलेगा, जिससे भविष्य में यहां से आईएएस एवं आईपीएस जैसे उच्च पदों के लिए नई राह तैयार होगी। नए नगरपालिका भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इसके डिजाइन का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि भवन का निर्माण भविष्य में नगर निगम बनने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाए। साथ ही शहर में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मुंगेली प्रवेश द्वार की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियर एवं ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा गेट की गुणवत्ता सुधारने के साथ आसपास की सड़क को तत्काल दुरुस्त करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार को ऐतिहासिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाए, जिससे यह नगर की पहचान बने। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन आमजनों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Mungeli Times Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
