मुंगेली। जिले के जरहागांव क्षेत्र को शीघ्र ही बेहतर विद्युत सुविधा मिलने जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष रूपाली वेद प्रकाश कश्यप के प्रयासों से वार्ड क्रमांक 13 स्थित खसरा भूमि पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह परियोजना मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुई है।
करीब 2500 वर्ग मीटर भूमि पर बनने वाले इस उपकेंद्र से नगर पंचायत जरहागांव सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। लंबे समय से लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को इससे राहत मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष रूपाली कश्यप ने बताया कि इस उपकेंद्र के निर्माण से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्थानीय नागरिकों ने इस घोषणा पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनकी वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। लोगों ने उम्मीद जताई कि उपकेंद्र के शुरू होने से बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और सुचारू हो सकेगी।

The News Related To The News Engaged In The Mungeli Times Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
